भोजपुर में गोलियों की गूंज से दहला गांव! डेयरी संचालक पर जानलेवा हमला, दरवाजा बंद कर बचाई जान; पिता-पुत्रों पर फायरिंग का आरोप

मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
बिहार के भोजपुर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। गीधा थाना क्षेत्र के बिरमपुर गांव में डेयरी चलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले पिता और उनके बेटों ने डेयरी संचालक राजदेव चौधरी पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। बताया जा रहा है कि राजदेव चौधरी का अपने पड़ोसियों के साथ पहले से विवाद चल रहा था। डेयरी संचालन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कहासुनी हो चुकी थी। इसी विवाद में आरोपितों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनके बाएं पैर की जांघ में लगी। सबसे खौफनाक बात यह रही कि गोली चलने के बाद राजदेव चौधरी को अपनी जान बचाने के लिए डेयरी के अंदर भागकर दरवाजा बंद करना पड़ा। घायल ने बताया कि अगर वह तुरंत दरवाजा बंद नहीं करते तो हमलावर उन पर दोबारा गोली चला सकते थे। इस घटना ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों के बीच भय पैदा कर दिया है। घटना के बाद बिरमपुर गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। लोग इस बात से सहमे हुए हैं कि आखिर मामूली विवाद में किसी की जान लेने तक की नौबत कैसे आ गई। सदर एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि डेयरी संचालन को लेकर हुए विवाद में राजदेव चौधरी को गोली लगी है। उनकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.