👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
JDU में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल! देवेंद्र प्रसाद बने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, आफाक अहमद खान को महासचिव की जिम्मेदारी, मंत्री श्रवण कुमार को यूपी का प्रभार
0
November 17, 2026
पटना: बिहार की सत्ताधारी जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अपने राष्ट्रीय संगठन को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक बदलाव करते हुए कई वरिष्ठ नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। 17 नवंबर 2026 को जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं।
जेडीयू की नई टीम में अनुभवी नेताओं को जगह देने के साथ-साथ अलग-अलग राज्यों में पार्टी का विस्तार करने की रणनीति भी दिखाई दे रही है। इस नियुक्ति में सबसे ज्यादा चर्चा बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार को उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दिए जाने की हो रही है। वहीं, पूर्व सांसद देवेंद्र प्रसाद को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और आफाक अहमद खान को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है।
पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार, बिहार विधान परिषद के सदस्य आफाक अहमद खान को पार्टी मुख्यालय, उत्तर-पूर्वी राज्यों और जम्मू-कश्मीर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विधायक श्याम रजक को महाराष्ट्र, विधायक रामसेवक सिंह को झारखंड और पूर्व विधायक रमेश सिंह कुशवाहा को उत्तर प्रदेश का सह-प्रभारी बनाया गया है।
इसके अलावा पूर्व सांसद कंवरदीप कौर को महिला विंग की जिम्मेदारी दी गई है। पूर्व विधायक सुनील कुमार को दिल्ली और पूर्व सांसद मौलाना गुलाम रसूल बलियावी को अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का प्रभार सौंपा गया है। राज सिंह मान को हरियाणा, मनीष कुमार वर्मा को ओडिशा और हरविंदर सिंह को गोवा की जिम्मेदारी मिली है। राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं मीडिया प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी राजीव रंजन प्रसाद को दी गई है।
राष्ट्रीय सचिवों की नई टीम में भी कई नेताओं को अलग-अलग राज्यों का प्रभार दिया गया है। रवींद्र प्रसाद सिंह को छत्तीसगढ़, विद्यासागर निषाद को मध्य प्रदेश, दयानंद राय को पश्चिमी उत्तर प्रदेश, संजय कुमार को कर्नाटक और मोहम्मद निसार को पार्टी मुख्यालय एवं तमिलनाडु की जिम्मेदारी मिली है। शैलेंद्र कुमार को पंजाब, रूहल नागुण को असम और धर्मेंद्र तिवारी को पश्चिम बंगाल का प्रभारी बनाया गया है।
महिला संगठन को मजबूत करने के लिए निवेदिता कुमारी को महिला प्रकोष्ठ का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं, पूर्व विधायक अशोक राम को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाया गया है। पूर्व सांसद अनिल प्रसाद हेगड़े को उत्तर-पूर्वी राज्यों का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
दिल्ली संगठन में भी बड़ा बदलाव किया गया है। शैलेंद्र कुमार को दिल्ली इकाई के अध्यक्ष पद से मुक्त कर राष्ट्रीय सचिव और पंजाब राज्य इकाई का प्रभारी बनाया गया है। उनकी जगह कमलेश झा को तत्काल प्रभाव से दिल्ली इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, सुधीर बांका को मध्य प्रदेश राज्य इकाई का अध्यक्ष बनाया गया है।
राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट के रूप में निखिल मंडल, विधायक कोमल सिंह और शालिनी पटेल को भी शामिल किया गया है।
जेडीयू की इस नई संगठनात्मक टीम को पार्टी के राष्ट्रीय विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खासकर बिहार के नेताओं को उत्तर प्रदेश, झारखंड, महाराष्ट्र और दूसरे राज्यों की जिम्मेदारी देना पार्टी की व्यापक राजनीतिक रणनीति का संकेत है।
अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि नई जिम्मेदारियां मिलने के बाद जेडीयू दूसरे राज्यों में अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक पकड़ कितनी मजबूत कर पाती है।
मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
