मोरवा/संवाददाता।
प्रखंड के ताजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत निकसपुर चौर में सोमवार की देर शाम अपराधियों ने कृषि सलाहकार सच्चिदानंद सहनी से एक स्मार्ट मोबाइल सहित सात हजार दो सौ रुपए छीन लिये। एक उजले रंग के अपाचे पर सवार तीन अपराधियों ने कृषि सलाहकार से रुपए के साथ-साथ पंचायत के कुछ कीमती कागजात भी छीन लिये। मिली जानकारी के अनुसार मोरवा प्रखंड के गुनाई बसही निवासी कृषि सलाहकार सच्चिदानंद सहनी ताजपुर थाना क्षेत्र के निकसपुर चौर स्थित पेट्रोल पंप के पास बीती रात उजले रंग के अपाचे पर सवार तीन अपराधियों ने कृषि सलाहकार की बाइक रोककर जबरन स्मार्ट मोबाइल और सात हजार दो सौ रुपए सहित जरूरी कागजात छीन लिए। कृषि सलाहकार दिन भर अपने क्षेत्र में रहने के बाद शाम को अपने नए निवास ताजपुर चले जाते हैं। घर , गुनाई बसही से वापस अपने निवास ताजपुर जाते समय, पेट्रोल पंप के पास अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया।कृषि सलाहकार को अपराधियों द्वारा धमकाते हुए रुपए छीन लेने के समय चंदौली हाट की ओर से एक गाड़ी की रोशनी को आते हुए देखकर अपराधी भाग गए। कृषि सलाहकार द्वारा घटना की सूचना ताजपुर पुलिस को दी गई है। विदित हो कि विगत एक महीने के अंदर हुई कई आपराधिक घटनाओं में उजले रंग के अपाचे पर तीन अपराधियों की बात लगातार बताई जा रही है।इस घटना मैं भी उजले रंग के अपाचे पर सवार तीन अपराधी कृषि सलाहकार द्वारा बतलाए गए हैं।कृषि सलाहकार से अपराधियों द्वारा धमकाकर रुपए छीने जाने की घटना से संपूर्ण क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।