2026 में यूपी के युवाओं को मिलेंगी करीब डेढ़ लाख सरकारी नौकरियां, योगी सरकार बनाएगी नया रिकॉर्ड


लखनऊ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक के बाद वर्ष 2026 में उत्तर प्रदेश के युवाओं को लगभग डेढ़ लाख सरकारी नौकरियां देने की अनुमति प्रदान कर दी है। ये भर्तियां प्रदेश के पुलिस, शिक्षा, राजस्व, आवास विकास सहित विभिन्न विभागों में की जाएंगी। अधिकारियों के अनुसार, सबसे अधिक नियुक्तियां पुलिस और शिक्षा विभाग में होंगी।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2026 में होने वाली ये भर्तियां योगी सरकार के कार्यकाल में एक वर्ष में सबसे अधिक सरकारी नौकरियां देने का रिकॉर्ड स्थापित करेंगी। इसके साथ ही योगी सरकार उत्तर प्रदेश की पहली सरकार बन जाएगी, जिसने अपने दस वर्षों के कार्यकाल में दस लाख सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य पूरा किया है।

यूपी सरकार बीते साढ़े आठ वर्षों में विभिन्न विभागों में साढ़े आठ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दे चुकी है। सरकार का दावा है कि सभी भर्तियां पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और मेरिट आधारित प्रक्रिया के तहत की गई हैं। भर्ती परीक्षाओं में तकनीक का व्यापक उपयोग कर नकल और भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण रखा गया है।

सरकार का मानना है कि रोजगार के इस बड़े अभियान से न केवल प्रदेश के युवाओं को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी, बल्कि राज्य प्रशासन को भी मजबूती मिलेगी। साथ ही, युवाओं का सरकार और प्रशासनिक व्यवस्था पर भरोसा लगातार मजबूत हुआ है।

देश, प्रदेश और रोजगार से जुड़ी हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.