औरंगाबाद में दिल दहला देने वाली घटना: चाचा की मौत के सदमे में 8 घंटे बाद भतीजे ने भी तोड़ा दम

संवाद 

औरंगाबाद जिले से एक बेहद मार्मिक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक ही परिवार में एक ही दिन दो मौतों ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। पहले बुजुर्ग चाचा की मौत हुई और उसके महज आठ घंटे बाद सदमे में भतीजे की भी हार्ट अटैक से जान चली गई।

यह दर्दनाक मामला मदनपुर थाना क्षेत्र के मोखेता गांव का है। मृतकों की पहचान गांव निवासी समाजसेवी 60 वर्षीय सिद्धि सिंह और उनके भतीजे 55 वर्षीय अजय कुमार सिंह के रूप में हुई है। चाचा–भतीजे की एक ही दिन हुई मौत से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरा गांव शोक में डूब गया है।

परिजनों के अनुसार, पहले सिद्धि सिंह का निधन हुआ। इस घटना से भतीजे अजय कुमार सिंह को गहरा सदमा लगा। चाचा की मौत की खबर सुनने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई और करीब आठ घंटे बाद उन्हें हार्ट अटैक आ गया, जिससे उनकी भी मौत हो गई।

अजय कुमार सिंह अपने पीछे पत्नी देवंती देवी और तीन पुत्रों को छोड़ गए हैं। पति की अचानक हुई मौत से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है।

पूर्व सैनिक जेपी सिंह ने घटना का जिक्र करते हुए कहा कि “चाचा की अर्थी अभी उठी भी नहीं थी कि भतीजे की मौत की खबर आ गई।” इस एक के बाद एक हुई मौतों ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

गांव में दोनों मृतकों को सामाजिक रूप से सक्रिय और मिलनसार बताया जा रहा है। एक साथ दो अर्थियां उठने से मोखेता गांव में शोक की लहर है।

बिहार और जिले की ऐसी ही संवेदनशील और सच्ची खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.