मोकामा हिंसा केस में बड़ी कार्रवाई: अनंत सिंह के काफिले पर हमला मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

संवाद 

मोकामा विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान टाल क्षेत्र में प्रचार के अंतिम चरण में हुई राजनीतिक हिंसा और गोलीबारी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भदौर थाना पुलिस ने करीब दो महीने बाद कार्रवाई करते हुए जदयू विधायक अनंत सिंह के काफिले पर हुए जानलेवा हमले से जुड़े तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर को चुनाव प्रचार के दौरान अनंत सिंह के काफिले पर हमला किया गया था। इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान घोसवरी थाना क्षेत्र के चकदह गांव निवासी लखन महतो (पिता–सहदेव महतो), भदौर थाना क्षेत्र के पोखरपर गांव निवासी अजय महतो (पिता–रामदेव महतो) और हरिहरपुर निवासी राम ईश्वर महतो (पिता–तैतर महतो) के रूप में हुई है।

जदयू और जन सुराज समर्थकों में हुई थी खूनी भिड़ंत
घटना 30 अक्टूबर की है, जब तारतर गांव के पास अस्ताबाद खंधा में जदयू और जन सुराज पार्टी के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हो गई थी। हरनौत निवासी जितेंद्र कुमार की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी में आरोप लगाया गया था कि चुनाव प्रचार से लौटते समय जन सुराज प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थकों ने लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और हथियारों से लैस होकर जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह के काफिले पर हमला कर दिया।

इस हमले में कई गाड़ियों के शीशे टूट गए थे और कई लोग घायल हो गए थे। इसी प्राथमिकी (कांड संख्या 111/25) में लखन महतो, अजय महतो और राम ईश्वर महतो को नामजद किया गया था, जिन्हें अब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

दूसरे पक्ष की एफआईआर में हत्या का आरोप
हालांकि, इस घटना का दूसरा पहलू भी सामने आया था। दूसरे पक्ष की ओर से नीरज कुमार ने एफआईआर (कांड संख्या 110/25) दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उसी दिन अनंत सिंह और उनके समर्थकों ने उनके दादा दुलारचंद यादव की गोली मारकर और गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी थी। इस घटना ने पूरे इलाके में राजनीतिक तनाव और आक्रोश पैदा कर दिया था।

फिलहाल पुलिस ने अनंत सिंह के समर्थक जितेंद्र कुमार के बयान पर दर्ज मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य मामलों की जांच अभी जारी है और पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

राज्य, राजनीति और चुनावी खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.