पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक मुस्लिम महिला के चेहरे से हिजाब हटाने के आरोप को लेकर चल रहे विवाद ने अब अंतरराष्ट्रीय तूल पकड़ लिया है। इस मामले में पाकिस्तान का कुख्यात डॉन शहजाद भट्टी भी कूद पड़ा है। भट्टी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को खुले तौर पर धमकी दी है।
वीडियो में शहजाद भट्टी यह कहते हुए नजर आ रहा है कि यदि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस कथित घटना को लेकर माफी नहीं मांगते, तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। उसने धमकी भरे लहजे में कहा है कि “फिर यह मत कहना कि चेतावनी नहीं दी गई थी।” इस वीडियो के सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट हो गई हैं।
हालांकि, बिहार सरकार या मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से इस धमकी पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। वहीं, राजनीतिक हलकों में इस वीडियो को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई नेताओं ने इसे भारत की संप्रभुता में हस्तक्षेप बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है, जबकि कुछ ने इसे सिर्फ प्रोपेगैंडा और डर फैलाने की कोशिश करार दिया है।
सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, इस तरह के वीडियो को गंभीरता से लिया जाता है, लेकिन इसे कानून-व्यवस्था और खुफिया एजेंसियां अपने स्तर पर जांच और आकलन के बाद ही आगे की कार्रवाई में शामिल करती हैं।
बिहार की राजनीति, सुरक्षा और बड़े विवादों से जुड़ी हर अपडेट के लिए पढ़ते रहें मिथिला हिन्दी न्यूज।