पटना। बिहार में फिलहाल कड़ाके की ठंड नहीं पड़ी है, लेकिन मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदल रहा है। सुबह और रात के वक्त लोगों को ठंड का अहसास होने लगा है। राज्य के कई जिलों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा भी देखने को मिल रहा है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी पटना में बुधवार की सुबह हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहेगा। हालांकि दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने की संभावना है। मंगलवार को पटना के न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
पटना में मंगलवार को अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट हो सकती है, जिससे ठंड का असर बढ़ेगा।
सुबह-शाम ठंड बढ़ने के कारण लोगों को सतर्क रहने और जरूरी एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही है।
मौसम और बिहार से जुड़ी हर ताज़ा अपडेट के लिए पढ़ते रहें मिथिला हिन्दी न्यूज।