संवाद
दरभंगा जिले के नेहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेहरा गांव में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। आवारा पशु को बचाने के प्रयास में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नहर में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान शंभू कुमार यादव और अजय कुमार साह के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक कार से किसी निजी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान अचानक सड़क पर आवारा पशु आ गया, जिसे बचाने के चक्कर में चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे नहर में जा समाई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। नेहरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से नहर से कार को बाहर निकलवाया। घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया है। गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
सड़क पर आवारा पशुओं की बढ़ती संख्या को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है और इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है।
ऐसी ही ताज़ा और भरोसेमंद खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज