कटिहार। बिहार के कटिहार से दिल्ली जा रही चम्पारण हमसफर एक्सप्रेस (15705) वाल्मीकि टाइगर रिज़र्व क्षेत्र में एक जंगली भैंस से टकरा गई। यह हादसा सोमवार शाम करीब 7:30 बजे वाल्मीकिनगर रोड स्टेशन और पनियहवा स्टेशन के बीच मदनपुर जंगल के पास स्थित रेलवे ढाला के समीप हुआ।
जानकारी के अनुसार ट्रेन तेज रफ्तार में थी, तभी अचानक जंगली भैंस रेलवे ट्रैक पर आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेन को तुरंत रोकना पड़ा। घटना के बाद हमसफर एक्सप्रेस करीब 2 घंटे 30 मिनट तक रेलवे ट्रैक पर खड़ी रही, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तकनीकी जांच और आवश्यक कार्रवाई के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
वन क्षेत्र से गुजरने वाले रेलवे ट्रैक पर इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं, जिससे ट्रेन संचालन और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होते हैं।
बिहार और रेल से जुड़ी हर ताजा खबर के लिए पढ़ते रहें मिथिला हिन्दी न्यूज।