भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की 102वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को समस्तीपुर जिले के उनके पैतृक गांव कर्पूरीग्राम में भव्य राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जननायक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सुबह करीब 10:45 बजे हेलीकॉप्टर से कर्पूरीग्राम पहुंचे। यहां प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री सबसे पहले कर्पूरी ठाकुर स्मृति भवन पहुंचे, जहां उन्होंने जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री सर्वधर्म प्रार्थना सभा में शामिल हुए और जननायक के विचारों, सामाजिक न्याय और समतामूलक समाज के लिए किए गए उनके संघर्ष को नमन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर का पूरा जीवन वंचितों, पिछड़ों और शोषित वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित रहा। उनके आदर्श आज भी समाज और राजनीति को दिशा देने का काम कर रहे हैं।
समारोह में मंत्री, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। पूरे कर्पूरीग्राम में जननायक की जयंती को लेकर उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।
👉 बिहार की राजनीति, समाज और विरासत से जुड़ी हर अहम खबर के लिए पढ़ते रहें मिथिला हिन्दी न्यूज।