दरभंगा राज परिवार की सदस्य कुमुद सिंह ने महारानी अधिरानी कामसुन्दरी देवी से जुड़ी एक अहम जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि महारानी अधिरानी कामसुन्दरी देवी बिहार के सबसे बड़े धार्मिक न्यास ‘कामेश्वर सिंह रिलीजियस ट्रस्ट’ की अंतिम जीवित ट्रस्टी थीं। उनके निधन के साथ ही एक युग का अंत हो गया है।
कुमुद सिंह के अनुसार, कामेश्वर सिंह रिलीजियस ट्रस्ट न केवल बिहार बल्कि देश के सबसे समृद्ध धार्मिक ट्रस्टों में से एक है। वर्तमान समय में इस ट्रस्ट के पास करीब एक लाख एकड़ भूमि है। इसके साथ ही ट्रस्ट के पास लगभग 2000 करोड़ रुपये मूल्य का सोना सुरक्षित है। यह न्यास वर्षों से धार्मिक, सामाजिक और परोपकारी कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है।
दरभंगा राज परिवार द्वारा स्थापित यह ट्रस्ट मिथिला क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण स्तंभ माना जाता है। महारानी कामसुन्दरी देवी ने अपने जीवनकाल में ट्रस्ट की परंपराओं और मूल्यों को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई।
👉 मिथिला और दरभंगा राज परिवार से जुड़ी ऐतिहासिक व समसामयिक खबरों के लिए पढ़ते रहें मिथिला हिन्दी न्यूज।