बिहार में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। रात के तापमान में लगातार गिरावट के चलते अगले तीन दिनों तक ठंड और तेज होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में शीतलहर जैसे हालात बनने की संभावना है।
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड लोगों की परेशानी बढ़ाएगी।
मंगलवार को मौसम विभाग ने उत्तर बिहार के 19 जिलों और दक्षिण बिहार के दक्षिण-पश्चिम हिस्से के 5 जिलों में शीत दिवस की चेतावनी जारी की है। इस दौरान दिन के समय भी ठंड का असर बना रहेगा और धूप कमजोर रहने की संभावना है।
इसके साथ ही कई जिलों में घने कोहरे का भी अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया जी और नवादा जिले के कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की आशंका जताई गई है। कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात पर भी असर पड़ सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों को सुबह-शाम सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के पर्याप्त इंतजाम करने की सलाह दी है।
👉 मौसम से जुड़ी हर ताजा अपडेट और बिहार की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहें मिथिला हिन्दी न्यूज।