उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक बार फिर तमन्ना मलिक चर्चा में हैं। असमोली थाना क्षेत्र के गांव बदनपुर बसेई निवासी तमन्ना मलिक उस समय सुर्खियों में आई थीं, जब वह हरिद्वार से कांवड़ियों के जत्थे के साथ बुर्का पहनकर कांवड़ लेकर पैदल संभल के लिए रवाना हुई थीं। किसी ने उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद यह मामला मीडिया की सुर्खियों में छा गया।
तमन्ना मलिक अपने पति अमन त्यागी के साथ कांवड़ यात्रा में शामिल हुई थीं। बुर्का पहनकर कांवड़ लाने की तस्वीरों और वीडियो ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कई लोगों ने इसे आस्था और सौहार्द का प्रतीक बताया, तो कुछ ने इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी दीं।
महाशिवरात्रि पर किया जलाभिषेक
कांवड़ यात्रा पूरी करने के बाद तमन्ना मलिक ने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर संभल स्थित क्षेमनाथ तीर्थ मंदिर में शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। इस दौरान उनके पति अमन त्यागी भी साथ मौजूद रहे। मंदिर परिसर में उन्होंने पूजा-अर्चना कर अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर भगवान शिव का आभार जताया।
2027 चुनाव को लेकर जताई इच्छा
मंदिर परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए तमन्ना मलिक ने कहा कि वह यह कांवड़ अपनी शादी की मन्नत पूरी होने पर लेकर आई थीं। उन्होंने आगे कहा कि अगले वर्ष वह फिर कांवड़ लेकर आएंगी और प्रार्थना करेंगी कि उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में पुनः भारतीय जनता पार्टी की सरकार बने।
तमन्ना के इस बयान के बाद एक बार फिर यह मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर लोग इस पर अपनी-अपनी राय दे रहे हैं।
देश और प्रदेश की ऐसी ही ताज़ा खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज