बिहार में सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा अभियान, 77,926 शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम


बिहार में सड़क हादसों को कम करने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत आम नागरिकों से लेकर स्कूली बच्चों तक को सड़क सुरक्षा के मानकों की जानकारी दी जा रही है।

परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने गुरुवार को पटना स्थित मुख्य सचिवालय के अधिवेशन भवन में आयोजित “सड़क सुरक्षा अभियान 2026” कार्यक्रम में बताया कि अब तक 77 हजार 926 शिक्षण संस्थानों में छात्रों, शिक्षकों, कर्मचारियों और वाहन चालकों को जागरूक किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन

मंत्री ने जानकारी दी कि हर वर्ष 1 जनवरी से 31 जनवरी तक “राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह” के रूप में विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाता है। इस दौरान स्कूलों, कॉलेजों और विभिन्न संस्थानों में सेमिनार, रैली, नुक्कड़ नाटक और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि यातायात नियमों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचे।

सड़क सुरक्षा है सामूहिक जिम्मेदारी

श्रवण कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना, निर्धारित गति सीमा का पालन करना और नशे में वाहन न चलाना जैसे नियमों का पालन कर हम खुद भी सुरक्षित रह सकते हैं और दूसरों की भी जान बचा सकते हैं।

सरकार का उद्देश्य है कि जागरूकता के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जाए और बिहार को सुरक्षित यातायात व्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ाया जाए।

बिहार और देश की ताज़ा खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.