पटना। बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) की कक्षा 10 (मैट्रिक) बोर्ड परीक्षा आज से यानी 17 फरवरी 2026 से शुरू होकर 25 फरवरी 2026 तक चलेगी। इस बार पूरे राज्य में कुल 15,12,687 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जाएंगी और राज्यभर में कुल 1,699 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने सभी जिला अधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों और शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और पूरी तरह कदाचार-मुक्त कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति सख्ती से लागू की जाएगी।
कदाचार पर सख्ती, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
बोर्ड की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, जैमर, वीडियोग्राफी और मजिस्ट्रेट की तैनाती जैसे कड़े इंतजाम किए गए हैं। नकल या किसी भी तरह की अनुशासनहीनता पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन को संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।
छात्रों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश
- परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें
- एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र साथ रखें
- मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित
- निर्देशों का पालन नहीं करने पर परीक्षा से वंचित किया जा सकता है
👉 शिक्षा, परीक्षा और रिजल्ट से जुड़ी हर अपडेट के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज
✍️ रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू