बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के औराई प्रखंड से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 60 वर्षीय निजी स्कूल संचालक राकेश शाह और उसी स्कूल में पढ़ाने वाली 28 वर्षीय शिक्षिका शाइस्ता परवीन ने नेपाल के एक मंदिर में शादी कर ली।
दोनों 18 फरवरी को अचानक घर से लापता हो गए थे। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी शादी की फोटो और वीडियो वायरल हो गए। वीडियो में शाइस्ता परवीन यह कहते हुए नजर आ रही हैं कि उन्होंने यह शादी अपनी मर्जी से की है और उन्हें किसी तरह अगवा नहीं किया गया।
वहीं दूसरी ओर युवती के भाई ने औराई थाना में राकेश शाह के खिलाफ अपहरण और धर्म परिवर्तन की नीयत से शादी करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। परिजनों का आरोप है कि शाइस्ता को बहला-फुसलाकर नेपाल ले जाया गया और वहां शादी करवाई गई।
मामले के सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, परिजनों की शिकायत और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह शादी आपसी सहमति से हुई है या किसी दबाव व साजिश के तहत।
फिलहाल पुलिस दोनों के लोकेशन, यात्रा से जुड़े सबूत और कॉल डिटेल्स खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
👉 ऐसे ही ताज़ा और विश्वसनीय खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज