पटना। बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का सोमवार से औपचारिक आगाज़ हो गया। सत्र के पहले दिन राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने विधानसभा और विधान परिषद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की उपलब्धियों और आने वाले समय की प्राथमिक योजनाओं का विस्तृत खाका पेश किया।
राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान सेंट्रल हॉल से एक दिलचस्प और चर्चा में आने वाला दृश्य सामने आया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अगल-बगल बैठे नजर आए। इसी दौरान तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री से बातचीत करते हुए उनका अभिवादन किया, जिस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी मुस्कुराते हुए हालचाल पूछा और जवाब दिया।
सदन के नेता और नेता प्रतिपक्ष के बीच इस आत्मीय बातचीत पर वहां मौजूद दोनों उपमुख्यमंत्री समेत कई वरिष्ठ सदस्यों की नजरें टिक गईं। बजट सत्र के पहले ही दिन सामने आया यह दृश्य राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। इसे बिहार की राजनीति में शिष्टाचार और संसदीय मर्यादा के सकारात्मक संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।
हालांकि, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सदन के भीतर दिखी यह सौहार्दपूर्ण तस्वीर सत्र के दौरान होने वाली तीखी बहसों और सरकार–विपक्ष के टकराव को कम नहीं आंकती। आने वाले दिनों में बजट और विभिन्न मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार बहस देखने को मिल सकती है।
बिहार विधानमंडल का यह बजट सत्र कई अहम विधेयकों और नीतिगत फैसलों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिस पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हुई हैं।
राज्य, राजनीति और बजट सत्र से जुड़ी हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज