दरभंगा एम्स को जोड़ने वाली एकमी–शोभन बाईपास सड़क होगी फोरलेन, निर्माण कार्य शुरू


दरभंगा। दरभंगा जिले में एम्स बनने की घोषणा के बाद से ही एकमी–शोभन बाईपास सड़क को फोरलेन करने की मांग तेज हो गई थी। लोगों का कहना था कि जब इतना बड़ा अस्पताल बन रहा है, तो वहां तक पहुंचने के लिए बेहतर सड़क भी जरूरी है। अब लंबे इंतजार के बाद इस दिशा में काम शुरू हो गया है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी प्रगति यात्रा के दौरान इस सड़क को फोरलेन में बदलने की घोषणा की थी। इसके बाद विभागीय प्रक्रिया पूरी की गई और अब निर्माण कार्य जमीन पर दिखने लगा है। श्री राम कंस्ट्रक्शन कंपनी ने एम्स से करीब एक किलोमीटर दूर शोभन की ओर अपना बेस कैंप बना लिया है, जहां से पूरे प्रोजेक्ट की मॉनिटरिंग और कामकाज होगा।

फिलहाल बेस कैंप तैयार किया जा रहा है और शुरुआती काम शुरू हो चुका है। होली के बाद निर्माण कार्य पूरी रफ्तार पकड़ लेगा। अभी एकमी घाट के पास पुल निर्माण का काम चल रहा है। प्रस्तावित फोरलेन सड़क करीब 11 किलोमीटर लंबी होगी, जो एकमी चौक से शोभन तक बनेगी। इसके लिए 14 मौजे से लगभग 93 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया गया है।

इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 338 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सरकार का लक्ष्य है कि काम तय समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि आम लोगों को जल्द राहत मिल सके।

जाम से मिलेगी राहत, मरीजों को होगी बड़ी सुविधा

इस सड़क के फोरलेन बनने से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान दरभंगा तक पहुंचना काफी आसान हो जाएगा। मरीजों और उनके परिजनों को आने-जाने में सहूलियत मिलेगी। साथ ही दरभंगा शहर में लगने वाले ट्रैफिक जाम से भी काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। बेहतर सड़क होने से समय और ईंधन—दोनों की बचत होगी।

👉 इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य और दरभंगा-बिहार की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.