पटना स्थित राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के कार्यालय कक्ष में माननीय उपमुख्यमंत्री सह मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राज्य में चल रहे विशेष भूमि सर्वेक्षण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा वर्ष 2011 में घोषित बिहार विशेष भूमि सर्वेक्षण को आगामी दो वर्षों में हर हाल में पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।
उपमुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक जिले में सर्वेक्षण से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं और इसकी विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र विभाग को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सर्वेक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ होना चाहिए, ताकि आम जनता को इसका वास्तविक लाभ मिल सके।
विजय कुमार सिन्हा ने दो टूक शब्दों में कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, गलत रिपोर्टिंग या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जहां भी त्रुटि पाई जाएगी, वहां संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर प्रशासनिक व कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह सर्वे केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि भूमि सुधार का मजबूत आधार है।
उपमुख्यमंत्री ने आम नागरिकों से अपील की कि यदि सर्वे के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी या त्रुटि दिखाई दे तो वे विभाग में लिखित शिकायत दर्ज कराएं। विभाग की ओर से ऐसी शिकायतों पर त्वरित सुनवाई और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
समीक्षा बैठक में प्रधान सचिव सी.के. अनिल और सचिव जय सिंह ने पुराने कैडेस्ट्रल और रिवीजनल सर्वे की स्थिति की जानकारी देते हुए नए विशेष सर्वेक्षण से होने वाले लाभों पर प्रकाश डाला। वहीं, भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय के निदेशक सुहर्ष भगत ने सर्वेक्षण की वर्तमान स्थिति और अब तक हुए विलंब के कारणों की जानकारी दी।
निदेशक ने बताया कि तकनीकी मार्गदर्शिका समय पर तैयार नहीं हो पाने के कारण प्रारंभिक चरण में कार्य प्रभावित हुआ। यह मार्गदर्शिका मार्च 2019 में अधिसूचित की गई। प्रथम चरण के 20 जिलों के 89 अंचलों में विशेष सर्वेक्षण कर्मियों की समय पर नियुक्ति नहीं हो पाने के कारण दिसंबर 2021 में शुरू हुआ कार्य अपेक्षित गति नहीं पकड़ सका।
राज्य सरकार का लक्ष्य है कि सर्वेक्षण कार्य को गति देकर भूमि विवादों का स्थायी समाधान किया जाए और भू-अभिलेखों को अद्यतन कर आम लोगों को राहत दी जाए।
राज्य, जिला और भूमि से जुड़ी हर अहम खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज