संवाद
बिहार के जमुई जिले के टाउन थाना क्षेत्र स्थित अमरथ नया मोहल्ला में शनिवार–रविवार की मध्यरात्रि एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी की तेज धार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मु. इरफान अंसारी स्वयं थाने पहुंचा और अपराध स्वीकार करते हुए आत्मसमर्पण कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रविवार सुबह एसडीपीओ सतीश सुमन और टाउन थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तेज धार हथियार को बरामद कर लिया है। साथ ही वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, ताकि साक्ष्य जुटाकर मामले की गहनता से जांच की जा सके।
मृतका की पहचान तरन्नुम उर्फ तराना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तरन्नुम की शादी करीब आठ वर्ष पूर्व हुई थी। प्रारंभिक जांच में दंपती के बीच लंबे समय से चल रहे घरेलू विवाद को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी पति शराब का आदी था और अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था। इसको लेकर पूर्व में पंचायत भी हो चुकी थी। वहीं, इलाके में अवैध संबंध को लेकर विवाद की चर्चा भी है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
देश, बिहार और क्राइम की हर बड़ी खबर पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज
संपादक: रोहित कुमार सोनू