बिहार के पर्यटन मानचित्र में एक अहम उपलब्धि जुड़ गई है। पहली बार भागलपुर जिले को राज्य के बुद्धिस्ट सर्किट में शामिल किया गया है। बिहार टूरिज्म के आधिकारिक ब्राउजर में विक्रमशिला विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक भग्नावशेष को स्थान मिलने के साथ ही यह पहचान संभव हो सकी है।
विक्रमशिला, प्राचीन काल में बौद्ध शिक्षा का एक प्रमुख केंद्र रहा है और नालंदा व तक्षशिला की तरह इसकी वैश्विक पहचान रही है। अब इसके बुद्धिस्ट सर्किट में शामिल होने से भागलपुर को अंतरराष्ट्रीय बौद्ध पर्यटकों के नक्शे पर नई पहचान मिलेगी।
इस फैसले के साथ ही बिहार के बुद्धिस्ट सर्किट में शामिल जिलों की संख्या अब आठ हो गई है। इससे न सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय रोजगार, होटल, गाइड और हस्तशिल्प से जुड़े लोगों को भी फायदा होगा।
पर्यटन विभाग का मानना है कि विक्रमशिला को बुद्धिस्ट सर्किट से जोड़ने से पूर्वी बिहार में पर्यटन विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी और राज्य की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच मिलेगा।
👉 बिहार के पर्यटन, संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों से जुड़ी हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहें – मिथिला हिन्दी न्यूज