बाराबंकी: देवा शरीफ दरगाह के बाहर हिंदू युवक से मारपीट, जबरन धुलवाया गया तिलक


उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में स्थित विश्व विख्यात देवा शरीफ दरगाह के बाहर एक हिंदू युवक के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक के साथ न सिर्फ मारपीट की गई, बल्कि जबरन उसका तिलक भी धुलवा दिया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक अपने पड़ोस में रहने वाली एक मुस्लिम महिला के साथ दरगाह पर चादर चढ़ाने गया था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और मामले की गहन जांच चल रही है।

घटना से जुड़ा एक वीडियो गुरुवार को सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि टोपी पहने एक व्यक्ति युवक की गर्दन पकड़कर उसे जबरन एक दुकान पर ले जाता है, वहां पानी की बोतल उठाकर उसके सिर पर डाल देता है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है।

फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

उत्तर प्रदेश, कानून-व्यवस्था और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी हर खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.