संवाद
टीवी एक्ट्रेस और सोशल मीडिया स्टार उर्फी जावेद एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनके कपड़े नहीं बल्कि उनका धर्म है। सोशल मीडिया पर हाल ही में यह खबर तेजी से वायरल हुई कि उर्फी जावेद को इस्लाम धर्म से निकाल दिया गया है और वे हिंदू धर्म अपनाकर अपना नाम बदलकर ‘गीता भारद्वाज’ रखने वाली हैं। इन दावों ने देखते ही देखते इंटरनेट पर बहस छेड़ दी।
अफवाहों के बीच उर्फी जावेद ने चुप्पी तोड़ते हुए समाचार एजेंसी IANS को दिए इंटरव्यू में साफ और दो टूक जवाब दिया। उन्होंने कहा, “मैं खुद बहुत पहले धर्म छोड़ चुकी हूं। अब ये बातें कौन बना रहा है?” उर्फी ने आगे स्पष्ट किया कि वे किसी भी धर्म को नहीं मानतीं और खुद को नास्तिक मानती हैं।
उर्फी ने सवाल उठाते हुए कहा, “मैं किसी धर्म में हूं ही नहीं, तो मुझे वहां से निकालेंगे कैसे? जो जगह पर हूं ही नहीं, उससे कोई कैसे निकाल सकता है?” उन्होंने इन रिपोर्ट्स को पूरी तरह बेबुनियाद बताया और कहा कि लोग बिना किसी तथ्य के मनगढ़ंत कहानियां बना रहे हैं।
गौरतलब है कि उर्फी जावेद अक्सर अपने बेबाक बयानों और बोल्ड अंदाज़ के कारण ट्रोल होती रही हैं, लेकिन इस बार मामला निजी आस्था और धर्म से जुड़ा होने के कारण चर्चा और तेज हो गई। उर्फी का बयान सामने आने के बाद साफ हो गया है कि धर्म परिवर्तन या नाम बदलने जैसी खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।
देश, मनोरंजन और सोशल मीडिया से जुड़ी हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज