पटना। बिहार के पूर्व मंत्री एवं जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने सरकारी आवास से पंखा, एसी, कुर्सी सहित अन्य सामान चुराने के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए नीतीश सरकार में मंत्री लखेंद्र पासवान उर्फ लकेंद्र कुमार रौशन पर तीखा हमला बोला है।
तेज प्रताप यादव ने कहा कि बिहार में अपराधी खुलेआम तांडव मचा रहे हैं, लेकिन सरकार के मंत्री को बल्ब और पंखे की चिंता सता रही है। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि “मंत्री जी की बुद्धि फेल हो गई है”, जिन्हें राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था दिखाई नहीं दे रही।
उन्होंने आगे कहा कि लखेंद्र पासवान एससी-एसटी कल्याण मंत्री हैं और उन्हें अपने विभाग से जुड़े गंभीर मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। राज्य में दलितों और वंचितों से जुड़े मामलों की अनदेखी हो रही है, जबकि सरकार के मंत्री बेवजह राजनीतिक बयानबाज़ी में उलझे हुए हैं।
तेज प्रताप यादव ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के निराधार आरोप लगवा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी भी प्रकार का सरकारी सामान नहीं लिया है और ऐसे आरोप पूरी तरह राजनीति से प्रेरित हैं।
राजनीतिक गलियारों में इस बयान के बाद हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी तकरार और बढ़ने के आसार हैं।
देश, बिहार और राजनीति से जुड़ी हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज