बेटी के सामने पत्नी की गोली मारकर हत्या, चरित्र पर शक में पति ने रची खौफनाक साजिश


बेगूसराय। जिले के तेयाय थाना क्षेत्र अंतर्गत रघुनंदनपुर गांव में एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। चरित्र पर शक के चलते एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि यह वारदात मासूम बेटी की आंखों के सामने अंजाम दी गई।

मृतका की पहचान सुमन कुमारी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति चंदन कुमार चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, चंदन ने सुमन को रास्ते में खेत की ओर ले जाकर गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी ने खुद को बेगुनाह साबित करने के लिए पड़ोसी पर शक जताते हुए पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। वह रोते-बिलखते हुए खुद को पीड़ित दिखाता रहा, लेकिन पुलिस की सख्त पूछताछ में आखिरकार उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

एसपी मनीष ने बताया कि आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर गंभीर संदेह था। चंदन का मानना था कि सुमन के गुजरात में रहने वाले अखिलेश नामक युवक से अवैध संबंध थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सुमन पहले भी कई बार अपने कथित प्रेमी से मिलने गुजरात जा चुकी थी और हाल ही में पूजा से लौटते समय भी उसके पास जाने की तैयारी में थी।

इसी बात को लेकर आरोपी ने पहले से साजिश रची और सुनसान जगह पर पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।

बेटी के सामने हुई इस निर्मम हत्या से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।

➡️ ऐसी ही ताज़ा और विश्वसनीय खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.