केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड Central Board of Secondary Education (CBSE) की ओर से जारी बोर्ड एग्जाम डेटशीट के अनुसार अब 10वीं की बोर्ड परीक्षा साल में दो बार आयोजित की जाएगी। यह फैसला छात्रों को बेहतर अवसर देने और परीक्षा के दबाव को कम करने के उद्देश्य से लिया गया है।
डेटशीट के मुताबिक पहली बार की परीक्षाएं 17 फरवरी से 09 मार्च 2026 तक आयोजित होंगी, जबकि दूसरी बार की बोर्ड परीक्षाएं 15 मई से 01 जून 2026 के बीच कराई जाएंगी। दोनों परीक्षाओं का सिलेबस पूरी तरह एक जैसा रहेगा। यानी छात्र एक ही पाठ्यक्रम की तैयारी करके दोनों में से किसी भी मौके पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
सीबीएसई की इस नई व्यवस्था के तहत 10वीं कक्षा के छात्रों को पास होने के लिए दो मौके मिलेंगे। हालांकि, बोर्ड ने यह भी साफ किया है कि दूसरी बार की परीक्षा पूरी तरह ऑप्शनल होगी। इसे बैकअप या रिप्लेसमेंट परीक्षा की तरह नहीं देखा जाएगा। सभी छात्रों के लिए पहले सेशन की परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य है।
शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से छात्रों पर “एक ही परीक्षा में सब कुछ तय होने” का दबाव कम होगा। अगर किसी कारण से पहले प्रयास में नंबर उम्मीद के मुताबिक नहीं आते हैं, तो छात्र दूसरे मौके में अपने प्रदर्शन को बेहतर कर सकते हैं।
शिक्षा, बोर्ड परीक्षा और करियर से जुड़ी हर जरूरी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज
✍️ संपादक: रोहित कुमार सोनू