आईपीएल 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स को बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि टी20 विश्व कप 2026 के वॉर्म-अप मैच के दौरान हर्षित राणा को घुटने में गंभीर चोट लग गई थी। इसके बाद उन्हें सर्जरी करवानी पड़ी, जिससे उनका आईपीएल में खेलना संभव नहीं हो पाया।
हालांकि, केकेआर ने उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है। लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज नवदीप सैनी को टीम में शामिल किया गया है।
नवदीप सैनी अपनी तेज रफ्तार गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। वह आईपीएल में 152.85 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंक चुके हैं, जो किसी भी भारतीय गेंदबाज के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। हरियाणा के करनाल में जन्मे सैनी घरेलू क्रिकेट में दिल्ली के लिए खेलते हैं।
गौरतलब है कि आईपीएल 2026 के ऑक्शन में सैनी को किसी टीम ने नहीं खरीदा था, लेकिन अब उन्हें केकेआर ने मौका दिया है। वह पहले ही टीम के साथ जुड़ चुके थे और वॉर्म-अप मैच में भी हिस्सा ले चुके हैं।
अब देखना होगा कि सैनी इस मौके का कितना फायदा उठाते हैं और टीम के लिए कितना योगदान दे पाते हैं।
खेल से जुड़ी हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज