अप्रैल में कोहरा और ठंडक से चौंका बिहार , बुजुर्गों ने कहा—“ऐसा मौसम पहली बार देखा”


सीतामढ़ी, संवाददाता:
आमतौर पर अप्रैल माह में जहां गर्मी अपने तेवर दिखाने लगती है, वहीं इस बार बिहार के कई जिले में मौसम ने अजीबोगरीब रूप ले लिया है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों, खासकर सीतामढ़ी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर में सुबह के समय घना कोहरा और ठंडक (धुंध) देखने को मिल रही है, जिससे लोग हैरान और परेशान दोनों हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह के समय दृश्यता काफी कम हो जा रही है, जिससे दैनिक कार्यों पर भी असर पड़ रहा है। खेत-खलिहान से लेकर सड़कों तक कोहरे की चादर छाई रह रही है, जो आमतौर पर सर्दियों में देखने को मिलती है, लेकिन अप्रैल में ऐसा नजारा लोगों के लिए बिल्कुल नया अनुभव है।

पुपरी निवासी 80 वर्षीय पंडित भूलन झा ने बताया कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार अप्रैल महीने में इस तरह का मौसम देखा है। उन्होंने कहा, “हमने बहुत मौसम देखे हैं, लेकिन अप्रैल में इस तरह का कोहरा और ठंडक कभी नहीं देखी। यह प्रकृति का बदला हुआ रूप है।”

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की असामान्य स्थिति के पीछे पश्चिमी विक्षोभ, हवा में बढ़ी नमी और तापमान में अचानक गिरावट जैसे कारण हो सकते हैं। इसके अलावा, जलवायु परिवर्तन का असर भी अब स्पष्ट रूप से दिखने लगा है, जिससे मौसम का चक्र अनियमित हो रहा है।

इस अनोखे मौसम ने जहां लोगों को आश्चर्यचकित किया है, वहीं किसानों के बीच भी चिंता बढ़ा दी है। फसलों पर इसके संभावित प्रभाव को लेकर किसान असमंजस में हैं।

फिलहाल लोग इस बदले हुए मौसम को लेकर चर्चा कर रहे हैं और आने वाले दिनों में मौसम के रुख पर नजर बनाए हुए हैं।

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.