20 हजार के ब्याज ने ले ली जान! सीतामढ़ी में पैसे के विवाद में युवक की गला दबाकर हत्या, गांव में मचा हड़कंप


सीतामढ़ी जिले में पैसे के लेन-देन और ब्याज विवाद ने एक युवक की जान ले ली। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मृतक की पहचान मोहन राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि 20 हजार रुपये के ब्याज और लेन-देन को लेकर हुए विवाद में युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई।

बुधवार को जैसे ही मोहन राम का शव गांव पहुंचा, परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर करीब चार घंटे तक सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित रहा। प्रदर्शन कर रहे लोग आरोपी की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

गुस्साए परिजन आरोपी के घर तक पहुंच गए और उसके गेट पर शव रखकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान तोड़फोड़ की भी घटना सामने आई। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए, जिससे गांव में अफरा-तफरी और तनाव की स्थिति बन गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और सड़क जाम समाप्त कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिजनों का आरोप है कि मोहन राम को ब्याज के पैसे को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और इसी विवाद में उसकी हत्या की गई। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

इस घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण प्रशासन से जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं।

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.