शादी समारोह में दोस्तों के विवाद ने छीनी युवक की जिंदगी, इलाज के दौरान मौत; निजी अस्पताल पर शव रोकने का आरोप


दरभंगा: जिले में शादी समारोह के दौरान दोस्तों के बीच हुआ विवाद एक परिवार के लिए मातम में बदल गया। दोस्तों की कथित पिटाई में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, मौत के बाद निजी अस्पताल पर भारी बिल के भुगतान के लिए शव रोकने का आरोप लगने से मामला और गरमा गया।

मृतक की पहचान जमालपुर थाना क्षेत्र के भूगौल गांव निवासी मिथिलेश चौपाल के 22 वर्षीय पुत्र अर्जुन चौपाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार अर्जुन अपने दोस्त नंटू मुखिया के बुलावे पर शादी समारोह में शामिल होने गया था। इसी दौरान कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के बेर चौक स्थित नौनी-कछुआ गांव में दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

परिजनों का आरोप है कि विवाद के बाद अर्जुन की बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। घायल अवस्था में उसे पहले सतीघाट पीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उसे डीएमसीएच रेफर कर दिया।

मृतक के भाई मुकेश चौपाल ने बताया कि डीएमसीएच में भी अर्जुन की हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद डॉक्टरों ने उसे पटना रेफर करने की सलाह दी। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान एंबुलेंस चालक ने उन्हें बहला-फुसलाकर पटना की जगह बेंता स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया।

मंगलवार को इलाज के दौरान अर्जुन की मौत हो गई। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने करीब साढ़े तीन लाख रुपये का बिल परिजनों को सौंप दिया। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थ था। परिजनों ने आरोप लगाया कि बिल का भुगतान नहीं होने पर अस्पताल प्रबंधन ने शव को करीब चार से पांच घंटे तक रोक कर रखा।

अस्पताल परिसर में इस दौरान काफी हंगामा हुआ और परिजन रोते-बिलखते नजर आए। परिजनों ने एंबुलेंस चालक पर दलाली करने का भी आरोप लगाया। काफी देर तक विवाद और सामाजिक कार्यकर्ताओं के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।

बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ लाख रुपये जमा कराने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने शव परिजनों को सौंप दिया। सूचना मिलने पर लहेरियासराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।

दरभंगा और बिहार की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए — मिथिला हिन्दी न्यूज

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.