दरभंगा: जिले के चंदनपट्टी इलाके में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक सनकी पति ने अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों की हत्या कर दी। इस दर्दनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए। पुलिस टीम के साथ कई थानों की फोर्स भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मौके पर पहुंचे दरभंगा एसएसपी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने लोहे की रॉड से हमला कर पत्नी और तीन बच्चों की हत्या की।
बताया जा रहा है कि मृतक परिवार मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला मजदूर वर्ग का परिवार था। पूरा परिवार कुछ समय से दरभंगा के एक अंडा फार्म में रहकर काम कर रहा था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी संदीप ने बताया कि उसे अपनी पत्नी पर शक था कि वह खाने में कुछ मिला रही थी। इसी संदेह के आधार पर उसने इस वीभत्स वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस आरोपी के बयान और पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
अपराध और बिहार की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए — मिथिला हिन्दी न्यूज