25 हजार के इनामी अभियुक्त को सीतामढ़ी पुलिस ने तमिलनाडु से दबोचा, कई संगीन मामलों में था वांछित


सीतामढ़ी: जिले में अपराध नियंत्रण और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीतामढ़ी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष अनुसंधान दल ने हत्या, लूट, डकैती एवं आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को तमिलनाडु से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिले में लंबे समय से फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार आसूचना संकलन और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में जिला आसूचना इकाई को मानव एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सूचना मिली कि कुख्यात अभियुक्त विवेक कुमार तमिलनाडु में छिपा हुआ है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विवेक कुमार, पिता नागेंद्र मंडल, निवासी सोनबरसा थाना क्षेत्र, जिला सीतामढ़ी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त के खिलाफ लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक अधिनियम से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके विरुद्ध बथनाहा, सुरसंड, बेला, कन्हौली, सोनबरसा तथा मधुबनी जिले के लदनियां थाना में कई कांड दर्ज हैं। इन मामलों में डकैती, लूट, आर्म्स एक्ट, विस्फोटक अधिनियम और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं।

प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि अभियुक्त पर बथनाहा थाना कांड संख्या 313/24 में हत्या एवं बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज है, जिसमें वह लंबे समय से फरार चल रहा था। इसके अलावा वर्ष 2021 से अब तक उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

सीतामढ़ी पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की विधिसम्मत कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण और जन-सुरक्षा को लेकर अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

अपराध और सीतामढ़ी की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए — मिथिला हिन्दी न्यूज

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.