उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने वार्ड-81 के पार्षद पति और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) नेता पर अपनी बेटी को अगवा कर देह व्यापार में धकेलने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित महिला ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर बेटी की बरामदगी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामला ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के खत्ता रोड इलाके का बताया जा रहा है। पीड़ित महिला के अनुसार उनकी 22 वर्षीय बेटी का निकाह 17 अप्रैल 2026 को गाजियाबाद के मोदीनगर निवासी अमन के साथ हुआ था। परिवार का कहना है कि खुशहाल नगर निवासी एक स्थानीय नेता लंबे समय से उनके घर आता-जाता था और परिवार का भरोसेमंद माना जाता था।
महिला का आरोप है कि निकाह के महज छह दिन बाद ही आरोपी उनकी बेटी को उसकी ससुराल से अपने साथ ले गया। इसके बाद से बेटी का कोई पता नहीं चल पा रहा है। परिजनों को आशंका है कि उसे बहला-फुसलाकर गलत धंधे में धकेला गया है।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी राजनीतिक प्रभाव वाला व्यक्ति है, जिसके कारण स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नहीं हो रही थी। इसी वजह से उन्होंने सीधे एसएसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। महिला ने प्रशासन से बेटी की जल्द बरामदगी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उत्तर प्रदेश की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज