पटना में शिक्षक अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज, राहुल गांधी ने BJP सरकार पर साधा निशाना


राजधानी पटना में टीआरआई-4 शिक्षक भर्ती को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस कार्रवाई के बाद सियासत तेज हो गई है। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किए जाने के मामले में अब कांग्रेस नेता Rahul Gandhi ने केंद्र और बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला है।

जानकारी के अनुसार, शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी सड़कों पर उतरे थे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। मामले में गांधी मैदान थाना में छात्र नेता दिलीप कुमार समेत 4 नामजद लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वहीं करीब 5 हजार अज्ञात पुरुष और महिला अभ्यर्थियों पर भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि बिहार पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे बेरोजगार युवाओं को “बेरहमी से पीटा” है। उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी सबसे बड़ी समस्या बन चुकी है और इसका सबसे अधिक असर बिहार एवं उत्तर प्रदेश के युवाओं पर पड़ रहा है।

राहुल गांधी ने अपने बयान में कहा कि लाखों युवा डिग्री और योग्यता होने के बावजूद रोजगार के लिए भटक रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब युवा रोजगार की मांग को लेकर सड़कों पर उतरते हैं तो उन्हें नौकरी की जगह “लाठियां” दी जाती हैं।

कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि देश का युवा अब सरकार के खिलाफ आवाज उठाने लगा है और कांग्रेस पार्टी युवाओं के साथ हर संघर्ष में खड़ी रहेगी।

इस घटना के बाद बिहार की राजनीति में माहौल गर्म हो गया है। विपक्ष लगातार सरकार को घेरने में जुटा है, जबकि प्रशासन कानून व्यवस्था बनाए रखने की बात कह रहा है।

रोजगार, राजनीति और बिहार की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.