Greater Noida के Knowledge Park थाना क्षेत्र में स्थित सीताराम इंस्टीट्यूट के निर्माणाधीन हॉस्टल में दो मजदूरों की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों मजदूरों के शव हॉस्टल परिसर के एक कमरे में खून से लथपथ हालत में मिले। प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मौके पर स्थानीय पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने घटनास्थल को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक टीम को बुलाया है, ताकि हत्या से जुड़े अहम सुराग जुटाए जा सकें।
जानकारी के अनुसार, नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित सीताराम इंस्टीट्यूट के निर्माणाधीन हॉस्टल में हाल ही में तीन मजदूर काम करने के लिए आए थे। बताया जा रहा है कि ये लोग माली का कार्य करने के लिए दो दिन पहले ही यहां पहुंचे थे और परिसर में बने एक कमरे में रह रहे थे।
जांच के दौरान मृतकों की पहचान इंद्र निवासी अब्दुल्लापुर, मेरठ, उम्र करीब 45 वर्ष तथा शीशपाल निवासी ग्राम इचौंली, मेरठ, उम्र करीब 45 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस तीसरे मजदूर की तलाश कर रही है, जो घटना के बाद से लापता बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या के पीछे आपसी विवाद या किसी अन्य रंजिश का मामला हो सकता है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। इलाके में इस दोहरे हत्याकांड के बाद दहशत का माहौल बना हुआ है।
अपराध और ताजा खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज