कल्याणपुर/समस्तीपुर: कल्याणपुर प्रखंड के भागीरथपुर गांव के 28 वर्षीय मो. उजाला पिछले 8 महीनों से दुबई के फुजिरा जेल में बंद हैं। उन पर ड्रग्स सप्लाई का आरोप है, जिसे लेकर उनका परिवार गहरे संकट में है और लगातार रिहाई की मांग कर रहा है।
इस मामले को लेकर उनकी मां रिजवाना खातून और पत्नी रोजी परवीन ने बिहार विधान सभा के पूर्व मुख्य सचेतक अख्तरुल इस्लाम शाहीन से मुलाकात कर मदद की गुहार लगाई। परिजनों ने उनसे विदेश में बंद युवक की सुरक्षित रिहाई के लिए पहल करने का अनुरोध किया।
अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मो. उजाला एक गरीब परिवार से आते हैं और उन्हें किसी एजेंट द्वारा अच्छी नौकरी का झांसा देकर विदेश भेजा गया था। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले से जुड़े सभी दस्तावेज उपलब्ध होने पर विदेश मंत्रालय से संपर्क कर पत्राचार किया जाएगा और युवक की सकुशल रिहाई के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान एथलेटिक्स संघ के जिलाध्यक्ष मो. रजीउल इस्लाम रिज्जू (बाबा), जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर, राजद महासचिव मो. परवेज आलम और नगर अध्यक्ष उमेश प्रसाद यादव भी मौजूद रहे और परिवार को समर्थन दिया।
परिवार की उम्मीद अब सरकार और जनप्रतिनिधियों पर टिकी है कि जल्द ही मो. उजाला को न्याय मिलेगा और वे सकुशल अपने घर लौट सकेंगे।
👉 बिहार की हर बड़ी और मानवीय खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज