भारतीय जनता पार्टी के बिहार प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव किया गया है। पार्टी ने बिहार प्रदेश के नए पदाधिकारियों की सूची जारी कर दी है। यह घोषणा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार की गई है। नई सूची में प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री, प्रदेश मंत्री, मोर्चा अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी सूची के अनुसार पूर्व विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा राकेश कुमार, संतोष पाठक, मनोज कुमार सिंह, अन्नपूर्णा पासवान, रामा सिंह और पवन जायसवाल समेत कई नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं सरोज रंजन पटेल, धनराज शर्मा, प्रीति शेखर, नितिन अभिषेक और राजेश झा उर्फ राजू झा को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। पार्टी ने संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से कई नए चेहरों को भी जिम्मेदारी दी है।
प्रदेश मंत्री पद पर सुषमा साहू, जनमेजय कुमार सिंह, रागिनी रानी, कुमार राघवेंद्र, प्रभाकर मिश्रा, अंजनी निषाद, मनोज चौधरी, मुकेश सिंह कुशवाहा, सीमा झा, सरला रजक, सुनील राम, संजय कुमार मुन्ना, मुकेश शर्मा और दिवाकर सिंह को शामिल किया गया है।
भाजपा ने विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों की भी घोषणा की है। जितेंद्र सिंह को युवा मोर्चा, विधायक निशा सिंह को महिला मोर्चा, राम सुमिरन सिंह को किसान मोर्चा, प्रमोद चंद्रवंशी को ओबीसी मोर्चा, विधायक सुजीत पासवान को अनुसूचित जाति मोर्चा, निरंजन पंजीयार थारू को अनुसूचित जनजाति मोर्चा और महबूब हक को अल्पसंख्यक मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है।
इसके अलावा विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह को प्रदेश कोषाध्यक्ष, राजेश सिन्हा और अंकुर गुप्ता को सह कोषाध्यक्ष, अक्षय कुमार को प्रदेश मुख्यालय प्रभारी तथा विनय केसरी को कार्यालय मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नई टीम के गठन को आगामी चुनावों और संगठन विस्तार की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि नए पदाधिकारियों के जरिए बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत किया जाएगा।
बिहार की राजनीति से जुड़ी हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज