सीतामढ़ी जिले में सोमवार शाम तेज आंधी ने ऐसा कहर बरपाया कि एक खुशहाल परिवार पलभर में मातम में बदल गया। सीतामढ़ी-पुपरी स्टेट हाईवे पर पकड़ी चौक स्थित बुनियादी विद्यालय के समीप बिजली का पोल अचानक टूटकर एक बाइक पर गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार ननद और भाभी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान रकीबा खातून और निखत परवीन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शहनबाज उर्फ मोहम्मद समद अपनी पत्नी और बहन को बाइक से लेकर घर लौट रहे थे। सभी बाजपट्टी थाना क्षेत्र के कचहरीपुर इस्लामपुर टोला निवासी बताए गए हैं।
बताया जा रहा है कि परिवार में शादी की खुशियां थीं और तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। लेकिन अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी शुरू हो गई। जैसे ही बाइक पकड़ी चौक पहुंची, सड़क किनारे खड़ा बिजली का पोल टूटकर सीधे बाइक पर गिर पड़ा। पोल के नीचे दबने से दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल शहनबाज को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत सीतामढ़ी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि मृतका रकीबा खातून अपने पीछे ढाई साल के बेटे सैफ अली और एक साल की दूधमुंही बच्ची को छोड़ गई हैं। मां की मौत से अनजान मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं।
👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार