बिहार के मुजफ्फरपुर शहर के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अहियापुर स्थित दादर में बूढ़ी गंडक नदी पर एक नए समानांतर पुल के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल लंबे समय से लंबित प्रस्ताव था, जिसे अब आगे बढ़ा दिया गया है।
इस परियोजना को बिहार राज्य पुल निर्माण निगम को सौंप दिया गया है और स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ेगा।
करीब 300 मीटर लंबे मौजूदा दादर पुल के समानांतर नया पुल बनाया जाएगा, जिसकी चौड़ाई अधिक होगी। इससे इस मार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। बताया जा रहा है कि इस रास्ते से रोजाना लगभग 50 हजार से अधिक छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं।
यह पुल चांदनी चौक से बैरिया होते हुए NH-28 को NH-57 से जोड़ेगा। इससे दरभंगा और मोतिहारी की ओर जाने वाले वाहनों को सीधा लाभ मिलेगा और जाम की समस्या में कमी आएगी।
वर्तमान दादर पुल काफी जर्जर हो चुका है, जिसमें ज्वाइंट गैप, उखड़ी सतह और बाहर निकली सरिया जैसी समस्याएं सामने आई हैं। इसकी मरम्मत करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से कराई जा रही है, लेकिन बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए नए पुल का निर्माण जरूरी माना गया है।
बिहार और विकास की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज