बिहार के दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान इलाके में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। काम से घर लौट रही 30 वर्षीय महिला के साथ चार बदमाशों ने छेड़खानी की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने जबरदस्ती करने का प्रयास किया और महिला के कान से सोने की बाली तथा ₹1200 नकद छीन लिया।
पीड़िता के मुताबिक, जब वह किसी तरह वहां से भागने लगी तो बदमाशों ने उस पर गोली चला दी, जो उसके पैर में लग गई। गोली लगने के बाद महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे।
घायल महिला को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर DMCH रेफर कर दिया गया। फिलहाल वहां उसका इलाज जारी है।
पीड़िता ने बताया कि चार में से दो आरोपी उसके पड़ोसी गांव के हैं और पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। घटना के बाद महिला ने पुलिस से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से न्याय की गुहार लगाई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं।
बिहार की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज