रितु जायसवाल अब भाजपा में होंगी शामिल, सादगी के साथ समर्थकों से की खास अपील


 सामाजिक कार्यों और जनसेवा के लिए पहचान बना चुकीं राजद के पूर्व महिला प्रदेश अध्यक्ष रितु जायसवाल अब औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी का दामन थामने जा रही हैं। उन्होंने  जानकारी दी है कि 26 मई 2026 को पटना स्थित बीजेपी कार्यालय के अटल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में वह भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगी। यह कार्यक्रम दोपहर 12:19 बजे से 1:09 बजे तक आयोजित होगा।

सीतामढ़ी जिला की चर्चित सामाजिक एवं राजनीतिक हस्ती रितु जायसवाल इससे पहले परिहार विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुकी हैं। अपने सामाजिक कार्यों, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास को लेकर उन्होंने इलाके में अलग पहचान बनाई है। अब उनके भाजपा में शामिल होने को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

भाजपा जॉइनिंग से पहले जारी अपने संदेश में रितु जायसवाल ने समर्थकों और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सादगीपूर्ण तरीके से कार्यक्रम में शामिल होने की बात कही। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश कई चुनौतियों और संवेदनशील परिस्थितियों से गुजर रहा है तथा ऐसे समय में अनावश्यक भीड़, लंबे काफिले और दिखावे से बचना चाहिए।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ऊर्जा और ईंधन बचत को लेकर दिए जा रहे संदेश का उल्लेख करते हुए लोगों से सार्वजनिक परिवहन अथवा शेयरिंग वाहन के उपयोग की अपील की। रितु जायसवाल ने कहा कि राजनीति उनके लिए सेवा, जिम्मेदारी और विचार का माध्यम है, प्रदर्शन का नहीं।

उन्होंने अपने समर्थकों से आग्रह किया कि वे जहां भी हों, वहीं से अपना आशीर्वाद और शुभकामनाएं दें। हालांकि पटना और आसपास के वे समर्थक, जो बिना अतिरिक्त ईंधन खर्च किए सहज रूप से कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सकते हैं, वे कार्यक्रम में शामिल होकर अपना स्नेह दे सकते हैं।

रितु जायसवाल की यह अपील राजनीतिक कार्यक्रमों में सादगी और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देने वाली मानी जा रही है। खासकर सीतामढ़ी जिला और परिहार विधानसभा क्षेत्र में उनके समर्थकों के बीच इसको लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.