सीतामढ़ी जिले के नानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनी महुआ गाछी में रविवार को अपराधियों ने पीएनबी मिनी ब्रांच संचालक सुन्दर कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से सुन्दर कुमार को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली लगने के बाद वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही नानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया। टीम घटनास्थल से साक्ष्य और आवश्यक नमूने एकत्रित करने में जुटी रही, ताकि अपराधियों तक पहुंचा जा सके।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। क्षेत्र के लोगों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस टीम अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
अपराध और बिहार की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।