तेज प्रताप यादव को RJD की ओर से MLC बनने का ऑफर, लेकिन कर दिया इनकार


तेज प्रताप यादव इन दिनों अपने परिवार से अलग रह रहे हैं, लेकिन हाल ही में परिवार के एक खास समारोह में उनकी मौजूदगी ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। बीते दिनों तेजस्वी यादव के बेटे इराज के जन्मदिन समारोह में तेज प्रताप यादव शामिल हुए।

बताया जा रहा है कि तेज प्रताप यादव पटना से फ्लाइट पकड़कर गाजियाबाद पहुंचे और अपने भतीजे के जन्मदिन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान वे काफी खुश और सहज नजर आए। समारोह में लगभग पूरा लालू परिवार मौजूद था, जिससे लंबे समय बाद पारिवारिक एकजुटता की तस्वीर सामने आई।

सूत्रों के मुताबिक, इसी मौके पर तेज प्रताप यादव को मनाने की कोशिश भी की गई। चर्चा है कि राष्ट्रीय जनता दल की ओर से उन्हें विधान परिषद सदस्य (MLC) बनाने का प्रस्ताव दिया गया, लेकिन उन्होंने इस ऑफर को स्वीकार नहीं किया।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि तेज प्रताप यादव फिलहाल अपनी अलग राजनीतिक पहचान बनाने की कोशिश में जुटे हैं। वे पहले ही जनशक्ति जनता दल के जरिए सक्रिय राजनीति में अपनी अलग राह पर आगे बढ़ने के संकेत दे चुके हैं।

हालांकि परिवार और पार्टी की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन तेज प्रताप की मौजूदगी और उन्हें मनाने की कोशिशों को लेकर बिहार की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

बिहार की राजनीति की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.