मुजफ्फरपुर: जिले में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल राजा कुमार उर्फ राजा बाबू को गिरफ्तार कर लिया है।
यह कार्रवाई सरैया थाना क्षेत्र के छितरी इलाके में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। STF की टीम ने सुनियोजित तरीके से इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी बासुचक (सरैया) का निवासी है और लंबे समय से फरार चल रहा था। वह कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है और पुलिस के लिए लगातार चुनौती बना हुआ था।
राजा बाबू के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 395 (डकैती) और 412 (लूटे गए सामान को रखने) के तहत मामला दर्ज है। इसके अलावा उस पर आर्म्स एक्ट के तहत अवैध हथियार रखने और इस्तेमाल करने के गंभीर आरोप भी हैं।
फिलहाल STF आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस उसके पूरे गिरोह, नेटवर्क और अन्य आपराधिक मामलों में उसकी संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है। साथ ही उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
जिले में इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
बिहार की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज