दरभंगा को बिहार का नंबर-1 जिला बनाने का संकल्प, विकास योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

दरभंगा। जिले के समग्र विकास को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता पथ निर्माण मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र ने की। इस दौरान उन्होंने कहा कि दरभंगा को हर क्षेत्र में सुसज्जित कर बिहार का नंबर-1 जिला बनाना सरकार का मुख्य संकल्प है और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर ने दरभंगा के विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा आवंटित राशि का उल्लेख करते हुए दरभंगा एम्स परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की। उन्होंने कहा कि एम्स के निर्माण से पूरे मिथिलांचल की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। वहीं प्रभारी मंत्री ने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया और कहा कि जनता से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए बैठक में बिजली विभाग को 10 दिनों के भीतर कृषि फीडर चालू करने का निर्देश दिया गया। जहां बिजली के पोल लग चुके हैं, वहां तत्काल तार बिछाकर सिंचाई के लिए बिजली आपूर्ति बहाल करने को कहा गया। उर्वरकों की निर्धारित दर से अधिक वसूली की शिकायतों पर भी चिंता व्यक्त की गई। प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी को खाद दुकानों और रैक प्वाइंट्स का औचक निरीक्षण कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य क्षेत्र में डीएमसीएच सुपरस्पेशलिटी अस्पताल की इंडोर सेवा जल्द शुरू करने और अस्पताल परिसर को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही शहर में बुडको की विभिन्न परियोजनाओं और रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य को गति देने के निर्देश भी दिए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ाने के लिए सभी पंचायत सरकार भवनों में कर्मचारियों की नियमित रोस्टर उपस्थिति और बायोमेट्रिक अटेंडेंस प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया गया। वहीं पेयजल संकट से निपटने के लिए पीएचईडी विभाग को विभिन्न जलमीनारों की नियमित सफाई तथा पूर्ण हो चुके बोरिंग सिस्टम को शीघ्र चालू करने का निर्देश दिया गया। बैठक में खाद्य आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, मनरेगा के तहत पोखरों के संरक्षण और स्वच्छता कर्मियों के मानदेय में वृद्धि जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा हुई और आवश्यक कदम उठाने पर सहमति बनी। बैठक के अंत में जिलाधिकारी कौशल कुमार ने सभी जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि प्रभारी मंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों का पूरी गंभीरता के साथ अनुपालन कराया जाएगा। बैठक में मंत्री मदन सहनी, सांसद अशोक कुमार यादव, विधायक जीवेश कुमार, महापौर अंजुम आरा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। दरभंगा और बिहार की ताजा खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.