👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
10 सर्कुलर रोड बंगला आज खाली करेगा लालू परिवार? मोहलत का आखिरी दिन, बढ़ी राजनीतिक हलचल
0
June 15, 2026
पटना। बिहार की राजनीति में चर्चित 10 सर्कुलर रोड आवास को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को यह सरकारी आवास खाली करने के लिए 15 जून तक का समय दिया गया था और सोमवार को इस मोहलत का अंतिम दिन है। ऐसे में सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या लालू परिवार आज इस बंगले को खाली करेगा या फिर नया राजनीतिक विवाद खड़ा होगा।
राजद सांसद मीसा भारती ने कुछ दिन पहले कहा था कि परिवार तय समय सीमा के भीतर आवास खाली कर देगा। हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर जारी है।
राबड़ी देवी को विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष होने के नाते 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास आवंटित किया गया है। इसी आवास में उनके शिफ्ट होने की तैयारी चल रही है। बताया जा रहा है कि कौटिल्य नगर स्थित नया बंगला पूरी तरह तैयार है और राबड़ी देवी स्वयं उसका निरीक्षण भी कर चुकी हैं।
इस पूरे मामले के बीच सुरक्षा का मुद्दा भी राजनीतिक रंग ले चुका है। राबड़ी देवी, राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सुरक्षा में कटौती का आरोप लगाते हुए अपनी सरकारी सुरक्षा वापस कर दी थी। इसके बाद राजद कार्यकर्ताओं ने उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल ली और शिफ्ट के आधार पर आवास के बाहर डटे रहे।
गौरतलब है कि राबड़ी देवी और उनका परिवार करीब दो दशकों से 10 सर्कुलर रोड स्थित इस सरकारी आवास में रह रहा है। आवास खाली कराने को लेकर प्रशासन की ओर से नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद पटना पुलिस के अधिकारियों ने भी आवास पर पहुंचकर बंगला खाली करने का अनुरोध किया था।
नोटिस मिलने के बाद राबड़ी देवी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि वे आवास खाली नहीं करेंगी। उन्होंने सरकार को चुनौती देते हुए कहा था कि यदि बंगला खाली कराना है तो प्रशासन बल प्रयोग कर खाली करवा ले। उनके इस बयान के बाद मामला और अधिक राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया था।
अब 15 जून की समय सीमा पूरी होने के साथ ही सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि लालू परिवार स्वेच्छा से आवास खाली करता है या नहीं। इस घटनाक्रम का बिहार की राजनीति पर भी असर पड़ सकता है।
राजनीति की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
