बिहार में मौसम का कहर: 17 जून को भारी बारिश, आंधी-तूफान और वज्रपात का अलर्ट

पटना: बिहार में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की रफ्तार तेज हो गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 17 जून को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में मौसम अचानक बदल सकता है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी वर्षा होने की संभावना है। कई स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। खराब मौसम के दौरान बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की उत्तरी सीमा फिलहाल जमुई और मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 4 से 5 दिनों में मॉनसून बिहार के और अधिक हिस्सों में पहुंच जाएगा। इसके चलते बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। हालांकि आगामी दिनों में होने वाली बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। बीते दिनों राज्य के कई इलाकों में 7 से 11 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि अर्राबारी में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें, बिजली कड़कने के समय पेड़ों के नीचे शरण न लें और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करें। किसानों को भी खेतों में काम करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.