बिहार में मानसून होगा एक्टिव: 26 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, तेज बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी

भीषण गर्मी और उमस से परेशान बिहारवासियों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों में पूरे राज्य में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा। 27 जून के बाद अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने राज्य के 26 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश, 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। वहीं शेष 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। रोहतास, भोजपुर और बक्सर के कुछ इलाकों में अभी भी गर्मी का असर बना रह सकता है। शुक्रवार सुबह पटना, सीतामढ़ी, समस्तीपुर, सीवान, गोपालगंज, बगहा और भागलपुर के कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। वहीं अररिया, किशनगंज और सुपौल में भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है। राजधानी पटना में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने और मानसूनी ट्रफ के मजबूत होने के कारण जून के अंतिम सप्ताह और जुलाई की शुरुआत में बिहार के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा आकाशीय बिजली के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। **मौसम की हर ताज़ा अपडेट के लिए पढ़ते रहिए — मिथिला हिन्दी न्यूज।**
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.