दरभंगा में खूनी खेल: प्रेम विवाह की रंजिश में युवक की तलवार से हत्या, आरोपी दारोगा ने खुद को भी मारी गोली

दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के ओझौल गांव में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। प्रेम विवाह की रंजिश में एक युवक की कथित तौर पर तलवार से काटकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज हत्या का आरोप बिहार पुलिस के दारोगा मोहम्मद मोबिन पर लगा है, जिसने वारदात के बाद खुद को भी गोली मार ली। गंभीर हालत में उसे दरभंगा के अल्लपट्टी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक की पहचान दिलीप सहनी के पुत्र सुनील सहनी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुनील ने तीन वर्ष पहले गांव की ही सानिया से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद वह पत्नी के साथ अहमदाबाद में रहने लगा था। हाल ही में दोनों गांव लौटे थे, जहां शुक्रवार सुबह करीब चार बजे आरोपी दारोगा मोहम्मद मोबिन ने सुनील को फोन कर ताजिया की तैयारी देखने के बहाने मंदिर के पास बुलाया। आरोप है कि वहां पहले उसके साथ मारपीट की गई और फिर तलवार से सिर और शरीर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहम्मद मोबिन और सुनील कभी गहरे दोस्त थे, लेकिन प्रेम विवाह के बाद दोनों के रिश्ते बिगड़ गए थे। हत्या के बाद आरोपी ने कथित तौर पर अपनी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। एफएसएल टीम भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। देश और बिहार की ताज़ा खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.